चंबा। तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत स्वास्थ्य विभाग, खाद्य सुरक्षा एवं मानक विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने चंबा बाजार और स्कूलों के आसपास स्थित दुकानों का निरीक्षण किया। इस दौरान तंबाकू नियंत्रण नियमों का उल्लंघन करने वाले दुकानदारों के चालान काटकर कुल 27,600 रुपये जुर्माना वसूला गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा डॉ. जालम भारद्वाज के दिशा-निर्देशों पर की गई इस कार्रवाई में बिना पंजीकरण तंबाकू उत्पाद बेचने, खुले में बीड़ी और सिगरेट की बिक्री करने, सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने समेत तंबाकू उत्पादों के अप्रत्यक्ष विज्ञापन से जुड़े मामलों की जांच की गई।
जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. करन हितेषी ने बताया कि तंबाकू उत्पादों की खुली बिक्री और नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लिया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान हिमाचल प्रदेश अधिनियम, 2016 की धारा-3 तथा कोटपा अधिनियम की धारा 6ए के तहत चालान किए गए। संयुक्त टीम में जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. करन हितेषी, सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं मानक विभाग चंबा दीपक आनंद और पुलिस विभाग से मंजीत धीमान शामिल रहे।