चंबा। सड़क हादसे में वाहन मालिक की मौत के बाद बीमा क्लेम खारिज करना बीमा कंपनी को महंगा पड़ा। जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग चंबा ने द न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी लिमिटेड को मृतक की मां को बीमा राशि देने का आदेश दिया है।
कंपनी को 4,25,481 रुपये बीमा राशि, 7,500 रुपये मुआवजा और 7,500 रुपये मुकदमे का खर्च देना होगा। यह मामला 25 मार्च 2024 का है, जब चंबा के मियादी नाला में वाहन संख्या एचपी-01सी-2106 दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।
हादसे में वाहन मालिक और चालक अरुण वर्मा की मौके पर ही मौत हो गई थी। वाहन का बीमा द न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी से करवाया गया था। मृतक की मां पुष्पा देवी ने बीमा क्लेम के लिए दस्तावेज जमा किए थे। कंपनी ने 8 अक्तूबर 2024 को दावा खारिज कर दिया था।
कंपनी का तर्क था कि हादसे के समय चालक शराब के नशे में था। धर्मशाला स्थित क्षेत्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला की रिपोर्ट में मृतक के रक्त में 135.05 मिलीग्राम एथिल अल्कोहल पाया गया था। कंपनी ने इसे पॉलिसी की शर्तों का उल्लंघन बताकर भुगतान से मना किया था।
आयोग के अध्यक्ष हिमांशु मिश्रा और सदस्य नारायण ठाकुर ने सुनवाई के दौरान पोस्टमार्टम और क्षेत्रीय फोरेंसिक विज्ञान प्रयोगशाला रिपोर्ट देखी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार रक्त नमूना शीशी में सील किया गया था, जबकि प्रयोगशाला रिपोर्ट में नमूना कपड़े की थैली में रखी प्लास्टिक ट्यूब में पहुंचा था।
दोनों रिपोर्टों में इस अंतर को लेकर आयोग ने सवाल उठाए। नमूने की पैकिंग कैसे बदली, इसका कोई संतोषजनक स्पष्टीकरण नहीं मिला। आयोग ने सर्वेयर की रिपोर्ट और वाहन की 4,26,481 रुपये की बीमित घोषित कीमत पर विचार किया।
आयोग ने वाहन को कंस्ट्रक्टिव टोटल लॉस माना। शिकायतकर्ता का दावा स्वीकार करते हुए बीमा कंपनी को 4,25,481 रुपये देने के निर्देश दिए। इस राशि पर आरसी रद्द होने की सूचना से भुगतान तक नौ फीसदी सालाना ब्याज भी देना होगा।
पुष्पा देवी को वाहन की आरसी रद्द करवाकर कंपनी को सौंपनी होगी और वाहन का मलबा बीमा कंपनी के पास रहेगा।