सलूणी (चंबा)। विकास खंड सलूणी में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एमओ डॉ. जगजीत पठानिया के नेतृत्व में सभी ढाबों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को सख्त हिदायत दी गई कि सभी अपनी दुकानों में तंबाकू निषेध का बोर्ड लगाएं। इस दौरान उन्होंने दुकानदारों को बताया कि यदि कोई व्यक्ति तंबाकू का सेवन करता हुआ पाया गया, तो दुकानदारों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एमओ ने कहा कि यह निरीक्षण सीएमओ चंबा डॉ. विपिन ठाकुर के निर्देश के अनुसार किया जा रहा है। सलूणी क्षेत्र में सभी ढाबों को तंबाकू निषेध क्षेत्र घोषित किया जा रहा है और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र में तंबाकू और उससे संबंधित नशे की रोकथाम करना और स्वास्थ्य सुरक्षा सुनिश्चित करना है।