शनि मंदिर के पास कचरे के प्रदूषित धुएं से परेशान हुए स्थानीय लोग
नगर परिषद और जिला प्रशासन ऐसा करने वालों पर नहीं कर रहे कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। कचरे को अब वैज्ञानिक तरीके से निष्पादित करने के बजाय आग के हवाले किया जा रहा है। इससे कुछ लोगों की जेबें तो गर्म हो रही हैं लेकिन पर्यावरण पर इसका बुरा असर पड़ रहा है। जिस कचरे को उठाकर संयंत्र में पहुंचाकर वैज्ञानिक तरीके से निष्पादित करना चाहिए। उसे रोजाना आग लगाकर स्वाह किया जा रहा है। यह घटनाक्रम शहर के हरदासपुरा वार्ड में शनि मंदिर के पास रोजाना घट रहा है। इससे आस पास के लोग काफी परेशान हैं।
कचरे का प्रदूषित धुआं उनके घरों में पहुंच रहा है। इससे उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही है। धुएं के साथ दुर्गंध भी उनके घरों में पहुंच रही है। हैरानी इस बात की है कि इस कारगुजारी को बंद करने के लिए न तो नगर परिषद ठोस कदम उठा रही है और न ही प्रशासन की तरफ से कोई गंभीरता दिखाई दे रही है।
लोगों में सुरेश कुमार, अजय कुमार, देवेंद्र, बलविंद्र सिंह, नेक राज, किशोर और होशियार सिंह ने बताया कि ऐसा कोई दिन नहीं होता, जब यहां कूड़े में आग न लगाई जाती हो। समय रहते इस कारगुजारी को बंद नहीं किया गया तो इलाके में बीमारी भी फैल सकती है। उधर, पीसीबी के सहायक अभियंता राहुल शर्मा ने बताया कि खुले में कूड़ा जलाने वालों के खिलाफ शीघ्र कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।