पहले 28 पंचायतों के रिकॉर्ड की जांच, सात और पंचायतें दायरे में दस्तावेजों से लेकर धरातल तक हो रही पड़ताल
पंचायत कार्यालयों से निकलकर गांवों तक पहुंची जांच, सेब के पौधों की वास्तविक स्थिति भी परख रही टीमें
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। चुराह उपमंडल की पंचायतों में सेब पौधरोपण से जुड़े मामलों की जांच तेज हो गई है।
पहले 28 पंचायतों के रिकॉर्ड की जांच के निर्देश दिए गए थे। अब सात और पंचायतों को जांच के दायरे में शामिल किया गया है। विभागीय टीमें संबंधित पंचायतों में सेब पौधरोपण से जुड़े दस्तावेजों और कार्यों की गहनता से पड़ताल कर रही हैं।
जांच के दौरान पौधरोपण से संबंधित दस्तावेज, लाभार्थियों का रिकॉर्ड, कार्य की स्वीकृति, खर्च और अन्य कागजात खंगाले जा रहे हैं। रिकॉर्ड में दर्ज जानकारी का मौके पर उपलब्ध स्थिति से मिलान भी किया जा रहा है। इसका उद्देश्य दस्तावेजों में दर्ज कार्य और धरातल पर हुए पौधरोपण के बीच किसी तरह के अंतर का पता लगाना है।
विभागीय टीमें पंचायत स्तर के रिकॉर्ड की जांच के साथ गांवों में भी पहुंच रही हैं। यहां सेब के पौधों के पौधरोपण और उनकी वास्तविक स्थिति का निरीक्षण किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद विभागीय टीमें अपनी रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को सौंपेंगी। रिपोर्ट के आधार पर आगामी कार्रवाई तय की जाएगी।
जांच का दायरा बढ़ने से संबंधित पंचायतों में हलचल बढ़ गई है। एडीसी चंबा अमित मेहरा ने बताया कि सेब पौधरोपण मामले में पंचायतों के रिकॉर्ड की गहनता से जांच की जा रही है।