-बीते रविवार को डॉ. जनकराज ने राख के पास दो घंटे किया था चक्का जाम
-15 मई से पहले मरम्मत न करने पर सड़क पर तंबू गाड़ धरने की दी थी चेतावनी
-कहा- चक्का जाम करने का उद्देश्य किसी को परेशान करने नहीं था
संवाद न्यूज एजेंसी
भरमौर (चंबा)। विधायक डॉ. जनकराज के चक्का जाम करने के बाद भरमौर एनएच पर मरम्मत का कार्य शुरू हो गया है। बीते रविवार को विधायक ने राख के पास दो घंटे चक्का जाम किया था।
उस दौरान उन्होंने सरकार और एनएच प्राधिकरण को चेतावनी दी थी कि यदि 15 मई से पहले एनएच का मरम्मत कार्य शुरू नहीं हुआ तो वह बीच सड़क पर तंबू गाड़कर धरना देंगे। उनकी चेतावनी को मद्देनजर रखते हुए बग्गा के पास मरम्मत कार्य शुरू करवा दिया गया है।
विधायक ने बताया कि वह किसी को परेशान या राजनीति करने के लिए चक्का जाम पर नहीं बैठे थे। उनका मकसद एक ही था कि एनएच पर सफर करने वालों को रोजाना जो परेशानी हो रही है, उसका समाधान हो सके। मणिमहेश यात्रा के दौरान लाखों शिव भक्त वाहनों में भरमौर का रुख इसी मार्ग से करते हैं। लेकिन पिछले कई वर्षों से उन्हें परेशानी झेलनी पड़ रही है।
उन्होंने कहा कि पिछले साल आपदा में एनएच पूरी तरह तबाह हो गया था। बजट मिलने के बावजूद उसकी मरम्मत नहीं की जा रहा है। इसी बात से नाराज होकर उन्हें चक्का जाम करने का निर्णय लेना पड़ा। इसमें उनकी पार्टी का एक भी झंडा नहीं था। आम लोगों के साथ पर्यटकों का उन्हें इस प्रदर्शन में साथ मिला। उधर, एनएच के अधिशासी अभियंता जोगिंद्र शर्मा ने बताया कि एनएच में मरम्मत कार्य शुरू किया गया है।