चुराह (चंबा)। उपमंडल चुराह के तहत आते गांव नेरा में मकान में आग लगने की घटना के बाद प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची। प्रशासनिक टीम ने पीड़ित परिवार को मौके पर 15 हजार रुपये की फौरी राहत, दो कंबल, एक राशन किट और दो तिरपालें मुहैया करवाईं। वहीं, दूसरी तरफ प्रदेश हज कमेटी के चेयरमैन दिलदार अली बट्ट ने भी प्रभावितों का दर्द जाना। उन्होंने अपनी ओर से पीड़ित परिवार को 10,000 रुपये की सहायता राशि दी। दिलदार अली बट्ट ने आश्वासन दिया कि प्रशासन द्वारा निर्धारित 1,45,000 रुपये की संपूर्ण राहत राशि भी जल्द ही परिवार को उपलब्ध करवा दी जाएगी। नेरा से वापस आते वक्त चेयरमैन ने नेरा सरकारी स्कूल का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और जल्द समाधान करने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर चुराह विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस प्रत्याशी यशवंत खन्ना, नेरा पंचायत प्रधान गुलाम रसूल, उप प्रधान शरीफ और वार्ड पंच याकूब बरकत अली मौजूद रहे।