ई-केवाईसी है तो डाकघर में फार्म भरने की नहीं जरूरत
उपभोक्ता पांच हजार रुपये तक का कर सकते हैं लेनदेन
विभाग ने उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए शुरू की पहल
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। डाक विभाग चंबा ने उपभोक्ताओं को और अधिक सुविधा देने के लिए एक नई पहल शुरू की है। अब जिले के डाकघरों में ई-केवाईसी के माध्यम से ग्राहक 5,000 रुपये तक का लेनदेन बिना किसी फार्म भरे कर सकेंगे। इस सुविधा के तहत ग्राहक का बायोमेट्रिक अथवा आधार प्रमाणीकरण किया जाएगा, जिससे पहचान की पुष्टि हो जाएगी। इससे प्रक्रिया तेज होगी और कागजी कार्यवाही से भी राहत मिलेगी।
डाक विभाग चंबा के अधीक्षक राजीव गुरुंग का कहना है कि यह कदम डिजिटल लेनदेन को बढ़ावा देने और ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं को आसान बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण है। उपभोक्ताओं ने इस सुविधा का स्वागत किया है और इसे समय की बचत करने वाला कदम बताया है। अब उपभोक्ता 5,000 रुपये तक का लेनदेन बिना फार्म के कर सकते हैं। लेनदेन के लिए बायोमेट्रिक या आधार प्रमाणीकरण जरूरी होगा। उन्होंने कहा कि यह सुविधा सभी डाकघरों में उपलब्ध करवा दी है। इंडिया पोस्ट पेमेंट्स बैंक के खाताधारकों के लिए एक नई पहल शुरू की है, जिससे अब ग्राहक गूगल पे और फोन पे जैसे लोकप्रिय यूपीआई एप्स के जरिये डिजिटल भुगतान का लाभ उठा सकते हैं।