चंबा। हिंदू सेवा समिति जुलाहकड़ी-हरदासपुरा कार्यकारिणी की बैठक का आयोजन रविवार सामुदायिक भवन हरदासपुरा में हुआ। इसकी अध्यक्षता संजय महाजन ने की। बैठक में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। साथ ही इस बारे में आगामी रणनीति तैयार की गई। बैठक में पदाधिकारियों ने कहा कि प्रदेश सरकार की ओर से पानी और सीवरेज के बिलों में बेतहाशा बढ़ोतरी की है। इस बारे में पदाधिकारियों ने प्रदेश सरकार के खिलाफ कड़ा रोष प्रकट किया। साथ ही सरकार से मांग की है कि इस बढ़ोतरी को वापस लें।
अन्यथा उन्हें मजबूरन आंदोलन करना पड़ेगा। बैठक में पदाधिकारियों ने जिले में बंद पड़े बिजली बोर्ड के कार्यालयों की बहाली के लिए प्रदेश सरकार और सदर विधायक का आभार जताया। पदाधिकारियों ने बिजली बोर्ड के कर्मचारियों और बिजली बोर्ड पेंशनर्स वेलफेयर एसोसिएशन की मांगों का समर्थन करते हुए चंबा में शीघ्र ही मुख्य और वृत अभियंताओं के कार्यालयों को खोलने की मांग उठाई है। ताकि चुराह घाटी में चल रहे चार पन बिजली परियोजनाओं के निर्माण कार्याें को गति मिल सकें। बैठक में सामुदायिक भवन की खस्ताहाल के बारे में भी चर्चा की। साथ ही इसकी मरम्मत शीघ्र करवाने का निर्णय लिया।