भरमौर (चंबा)। पलानी नाले में निर्माणाधीन पुल का कार्य ठेकेदार को 31 मई तक हर हाल में पूरा करना होगा। इस बाबत विभाग ने संबंधित ठेकेदार को निर्देश भी जारी कर दिए हैं। इसमें यह भी चेतावनी दी गई है कि इससे पहले दिए निर्देशों के मुताबिक ठेकेदार ने निर्माण कार्य को तेज गति से नहीं चलाया। इस कारण पुल का कार्य अधर में लटका हुआ है। इसको लेकर आए दिन कहीं न कहीं से शिकायतें मिल रही हैं। इस बार ठेकेदार को अंतिम चेतावनी जारी करते हुए 31 मई का समय दिया गया है। इसके बाद भी कार्य सही नहीं हुआ तो ठेकेदार के खिलाफ विभाग नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाएगा। इसके लिए उन्हें अवगत करवा दिया गया है।
लोक निर्माण मंडल भरमौर के अधिशासी अभियंता भाल चंद ने बताया कि पलानी नाले पर लंबे समय से पुल का निर्माण किया जा रहा है। ठेकेदार को पहले निर्देश दिए गए थे कि पुल का कार्य जल्दी पूरा करने के लिए मशीनरी, उपकरणों और मजदूरों सहित अन्य इंजीनियरों की संख्या बढ़ाई जाए। बावजूद इसके इसे गंभीरता से नहीं लिया गया। अब जो निर्देश दिए गए हैं, वह एक आखिरी चेतावनी है। इसके बाद कोई निर्देश नहीं दिए जाएंगे, सीधे कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।