चंबा लोक निर्माण विश्राम ग्रह में बैठक के दौरान मौजूद परिवहन निगम पेंशनर कल्याण संगठन के पदाध
चंबा। हिमाचल पथ परिवहन निगम के पेंशनर कल्याण संगठन चंबा की बैठक बुधवार को आयोजित की गई। इसमें चंबा इकाई के प्रधान कुलदीप कुमार ने कहा कि यदि पेंशनरों को उनके वित्तीय लाभ समय पर प्रदान नहीं किए गए तो संगठन कार्यकारिणी के नेतृत्व में बड़ा आंदोलन करेगा।
इस दौरान जिला अध्यक्ष मनोहर लाल ने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा 70 वर्ष से अधिक आयु के सेवानिवृत्त कर्मचारियों और अन्य विभागों को वर्ष 2016 के नए वेतनमान का एरियर प्रदान किया जा चुका है, लेकिन हिमाचल पथ परिवहन निगम के पेंशनरों को अब तक इसका लाभ नहीं दिया गया है।
निगम के नियमित कर्मचारियों को तीन प्रतिशत डीए जारी किया जा चुका है, जबकि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को यह लाभ देने में सरकार और प्रबंधन आनाकानी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि लगभग तीन वर्षों से पेंशनरों के मेडिकल बिल लंबित पड़े हैं, जिनका भुगतान नहीं किया जा रहा है। इसे पेंशनरों के साथ घोर अन्याय बताते हुए उन्होंने सरकार से शीघ्र समाधान की मांग की।
जिला महासचिव ओम प्रकाश शर्मा ने कहा कि पेंशन और अन्य वित्तीय लाभ समय पर न देना सरकार की भेदभावपूर्ण नीति को दर्शाता है। बैठक में हाल ही में वित्त विभाग द्वारा जारी निर्देशों पर भी चिंता व्यक्त की गई। यदि केंद्र के वित्त आयोग की सिफारिशों के चलते हिमाचल सरकार वित्तीय लाभ देने में असमर्थ रहती है और डीए फ्रीज किया जाता है तो इसका सीधा असर कर्मचारियों और पेंशनरों पर पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि यदि सरकार ग्रांट-इन-एड बंद करती है तो निगम के लिए संचालन करना कठिन हो जाएगा, क्योंकि एचआरटीसी सरकार द्वारा निर्धारित रियायती श्रेणियों को यात्रा सुविधा प्रदान करती है, जिससे निगम लगातार घाटे में चल रहा है। बैठक में सरकार और प्रबंधन से मांग की गई कि सेवानिवृत्त कर्मचारियों को प्रत्येक माह की पहली तारीख को नियमित रूप से पेंशन दी जाए, लगभग तीन वर्षों से लंबित मेडिकल बिलों का शीघ्र भुगतान किया जाए और वर्ष 2016 के वेतनमान का एरियर सभी पेंशनरों को जल्द जारी किया जाए। इस बैठक में मनोहर लाल और उत्तम सिंह कुलदीप कुमार उपस्थित रहे।