ज्जियार (चंबा)। पर्यटन स्थल खज्जियार के तहत आते गेट के बणी नामक स्थान पर बनने वाले 33/11 केवी क्षमता के विद्युत सब स्टेशन की राह में अब बजट रोड़ा बन गया है। विद्युत बोर्ड प्रबंधन की ओर से पांच वर्ष पूर्व सब स्टेशन निर्माण संबंधी प्रस्ताव बनाकर स्वीकृति को भेजा। इसके तहत बोर्ड अधिकारी पूर्व में प्रस्ताव को स्वीकृति मिलने की बात भी कहते रहे, लेकिन अब सब स्टेशन बनाने की राह में आने वाली अन्य अड़चनों को दूर करने के बाद विद्युत बोर्ड प्रबंधन की राह में बजट रोड़ा बन गया है। बजट मिलने के बाद ही अब सब स्टेशन निर्माण को लेकर अगला कदम उठाया जा सकता है।
ऐसे में बिजली की आंखमिचौनी से दो-चार होने वाले लोगों को समस्या के निजात पाने के लिए लंबा इंतजार करना पड़ सकता है। विकास खंड मैहला के तहत ग्राम पंचायत रठियार, बख्तपुर, बसोधन, मंगला और चंबा ब्लॉक के द्रम्मण, साच, खज्जियार, औड़ा, रिंडा और सिंग्गी आदि पंचायतों के लोगों को बिजली गुल होने की समस्या से जल्द छुटकारा दिलवाने के लिए विद्युत बोर्ड प्रबंधन की ओर से बणी में सब स्टेशन बनाने के लिए बोर्ड के अधिकारियों ने जगह का चयन किया। इतना ही नहीं, 8.20 करोड़ का 33/11 केवी क्षमता के सब स्टेशन बनाने की योजना बनाकर स्वीकृति के लिए भेजी। इसके बाद बकायदा विभाग की ओर से अन्य प्रकार की औपचारिकताओं को पूरा करने का कार्य आरंभ करवा दिया गया, लेकिन अब बजट की उपलब्धता न होने की बात बोर्ड अधिकारी कह रहे हैं, जो कि, लोगों के हल्क से नीचे नहीं उतर रही है। राकेश कुमार, बचन सिंह, दलीप कुमार, राकेश कुमार चंद्रेश कुमार, अमर चंद, महिंद्र कुमार, मदन लाल, सनी कुमार, योगराज और पृथी चंद ने बताया कि सब स्टेशन निर्मित होने से ग्रामीणों को आए दिन बिजली कटों से निजात मिलेगी। संभावित क्षेत्रों में पेड़ गिरने या टहनियां टूटने से बिजली के तार टूट जाते हैं। जिस कारण लोगों को दिक्कतें ही उठानी पड़ती है।
बोर्ड प्रबंधन की ओर से सब स्टेशन की राह में आने वाली औपचारिकताओं को क्रमबार दूर किया जा रहा है। अब बजट की उपलब्धता संबंधी समस्या पेश आ रही है। जिसका भी जल्द समाधान करवाया जाएगा।
परवेश कुमार, अधिशासी अभियंता, विद्युत बोर्ड