बनीखेत (चंबा)। खैरी के समलेऊ गांव में रहने वाले 100 परिवार बिजली की आंख-मिचौनी से परेशान हैं। उन्हें यह पता नहीं होता कि बिजली कब गुल हो जाएगी।
इससे लोगों को बिजली की सही सुविधा नहीं मिल रही है। स्थानीय लोग भी अपने बिजली उपकरणों का सही से इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं। सबसे ज्यादा नुकसान गर्मी के मौसम में शीत पेय एवं खाद्य पदार्थ बेचने वाले दुकानदारों को हो रहा है, क्योंकि बार-बार बिजली गुल होने से कार्य प्रभावित हो रहा है। आइसक्रीम या कुल्फी बेचने वाले दुकानदारों को फ्रिज में इन उत्पादों को सही रखने के लिए उचित तापमान रखना पड़ता है। बिजली गुल होने पर आइसक्रीम पिघल जा रही है। इससे नुकसान उठाना पड़ रहा है। इस समस्या के बारे में स्थानीय लोग कई बार बिजली बोर्ड को अवगत करवा चुके हैं, लेकिन अभी तक उनकी समस्या का समाधान नहीं हो पाया है।
स्थानीय दुकानदारों में रवि, अजय, शिवकुमार, पूर्ण चंद्र, राकेश, पवन कुमार, विकास, विवेक बृजेश और बंटी ने बताया कि दूध, ठंडा, आइसक्रीम और कुल्फी सहित अन्य शीतल पेय बेचने वाले दुकानदारों के लिए बिजली की आंखमिचौनी घाटे का कारण बन रही है। घरों में भी लोग तपती गर्मी से राहत पाने के लिए पंखों सहित ऐसी का भी इस्तेमाल नहीं कर पा रहे हैं। कहने के लिए यहां एनएचपीसी का प्रोजेक्ट है, लेकिन प्रभावित क्षेत्र के लोगों को एनएचपीसी की तरफ से बिजली की उचित सुविधा नहीं दी जा रही है। उन्होंने प्रशासन व बोर्ड से समस्या का निदान करने की मांग की है। उधर, बिजली बोर्ड के अधिशासी अभियंता पंकज राठौर ने बताया कि समस्या के समाधान को लेकर बिजली बोर्ड जल्द उचित कदम उठाएगा। ज्यादा वोल्टेज का ट्रांसफार्मर गांव में स्थापित करवाया जाएगा।