नकरोड़-चांजू मार्ग पर बघेईगढ़ के पास बंद पड़े मार्ग पर 15 घंटे बाद दौड़े वाहन
सड़क के दोनों ओर लगी रहीं छोटे-बड़े वाहनों की कतारें, लोगों को झेलनी पड़ी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
चुराह (चंबा)। नकरोड़-चांजू मार्ग पर बघेईगढ़ के पास शुक्रवार शाम को सड़क के बीच खराब हुए एक टिप्पर ने छोटे और बड़े वाहनों की रफ्तार रोक दी। मार्ग 15 घंटे तक बंद रहा।
सैकड़ों यात्रियों को भूखे-प्यासे वाहनों में ही रात काटनी पड़ी। इनमें महिलाएं, बुजुर्ग और बच्चे शामिल रहे। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लगी रही। शुक्रवार शाम को 7 बजे बंद हुआ मार्ग शनिवार सुबह 11 बजे यातायात के लिए बहाल हो पाया। शनिवार सुबह मौके पर पहुंची जेसीबी ने सड़क से टिपर को हटाकर यातायात को सुचारु करवाया। सड़क बहाल होने पर वाहन चालकों और सवारियों ने राहत की सांस ली।
सवारियों में बचन सिंह, योगराज, संजीव कुमार, केहर सिंह, अमित कुमार, दलीप कुमार, संजीव कुमार, रजनी देवी, आरती देवी और कौशल्या देवी ने बताया कि शुक्रवार शाम को एक टिपर सड़क के बीच खराब हो गया। यह सामान से लदा था। इस कारण टिपर को आसानी से सड़क के किनारे करना चुनौती बना रहा। काफी देर इंतजार करने के बाद भी टिपर सड़क से नहीं हट पाया। ऐसे में छोटे-बड़े वाहनों में सवार यात्रियों को भूखे-प्यासे रात वाहनों में ही गुजारनी पड़ी।
उन्होंने बताया कि सड़क पर सरकारी, निजी बसों के साथ मालवाहक वाहनों और छोटे वाहनों की लंबी कतार लग गई। शनिवार सुबह पीडब्ल्यूडी की ओर से जेसीबी मशीन को मौके पर भेजा गया। इसके बाद ही सड़क पर वाहन दौड़ना शुरू हुए। उधर, इस बारे में पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता जोगेंद्र शर्मा ने बताया कि जेसीबी के जरिये खराब टिपर को सड़क के किनारे करवाकर वाहनाें की आवाजाही सुचारू करवा दी गई है।