खज्जियार में पैराग्लाइडिंग का लुत्फ उठाते प्रर्यटक।संवाद
- फोटो : Chamba
खज्जियार (चंबा)। मिनी स्विटजरलैंड के नाम से विख्यात पर्यटन स्थल खज्जियार में अब दोबारा मानव परिंदे उड़ान भर रहे हैं। प्रशासन की ओर से इसके लिए अनुमति जारी कर दी गई है। पर्यटन स्थल खज्जियार में 16 सितंबर से पैराग्लाइडिंग शुरू हो गई है। पैराग्लाइडिंग के लिए पर्यटकों में काफी उत्साह देखा जा रहा है। हालांकि, वर्तमान में समय में 20 से 30 प्रतिशत पर्यटक ही खज्जियार पहुंच रहे हैं लेकिन पैराग्लाइडिंग शुरू होने के बाद खज्जियार में पर्यटकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद है।
जानकारी के मुताबिक खज्जियार में एक सौ के करीब पैराग्लाइडर हैं जो इसी व्यवसाय से अपनी आजीविका चलाते हैं। बरसात के मौसम के चलते प्रशासन ने 15 जुलाई से लेकर 15 सितंबर तक खज्जियार में पैराग्लाइडिंग पर रोक लगा रखी थी जिससे बारिश के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो। अब बरसात का मौसम करीब समाप्त होने वाला है। ऐसे में खज्जियार में पैराग्लाइडिंग शुरू होने के साथ-साथ पर्यटकों की आवाजाही भी बढ़ेगी।
गौरतलब है कि पर्यटन स्थल खज्जियार में हर साल लाखों की संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। खज्जियार में आकर जहां पर्यटक प्राकृतिक सुंदरता निहारते हैं तो वहीं दूसरी ओर पैराग्लाइंडिंग का भी लुत्फ उठाते हैं। पैराग्लाइडिंग एसोसिएशन के प्रधान प्रदीप ठाकुर ने बताया कि प्रशासन की ओर से पैराग्लाइडिंग शुरू करने के बारे में अनुमति दे दी है। वहीं जिला पर्यटन अधिकारी निशांत ठाकुर ने भी पैराग्लाइडिंग शुरू होने की पुष्टि की है।