किलाड़-मिंधल-पूर्थी रूट की बस बीच रास्ते में हुई खराब, बेहतर बस सेवा की उठी मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
पांगी (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र पांगी में एचआरटीसी बसों के बीच रास्ते में खराब होने का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। किलाड़ से मिंधल-पूर्थी रूट पर जाने वाली बस बुधवार को आधे रास्ते में खराब हो गई। इससे बस में सवार यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
लोगों में अमित कुमार, कन्हैया राम, वीर सिंह राणा, जगदेव सिंह, अमित कुमार ने बताया कि पांगी में बसों के बार-बार खराब होने का यह पहला मामला नहीं है। आए दिन किसी न किसी रूट पर बस खराब होने से यात्रियों को बीच रास्ते में परेशान होना पड़ता है। दुर्गम क्षेत्र होने के कारण वैकल्पिक परिवहन सुविधा सीमित होने से समस्या और गंभीर हो जाती है।
लोगों का कहना है कि पांगी में चल रही कई बसों की हालत ठीक नहीं है। साथ ही बसों के संचालन और तकनीकी व्यवस्था के लिए केलांग डिपो पर निर्भरता के चलते खराबी आने पर समय पर मरम्मत नहीं हो पाती। इससे स्थानीय लोगों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ती है। स्थानीय लोगों ने पांगी के लिए बेहतर बसें उपलब्ध करवाने, नियमित परिवहन सेवा सुनिश्चित करने और स्थानीय स्तर पर स्थायी तकनीकी व्यवस्था करने की मांग की है। लोगों का कहना है कि दुर्गम क्षेत्र की जनता को बार-बार खराब बसों का खामियाजा नहीं भुगतना चाहिए। उन्होंने पांगी में अलग एचआरटीसी डिपो स्थापित करने की दिशा में भी विचार करने की मांग उठाई है। संवाद