चंबा-घरमाणी रूट की बस आधे रास्ते हुई खराब: जागरूक पाठक
यात्रियों को झेलनी पड़ीं परेशानियां, समय पर स्कूल-कॉलेज नहीं पहुंचे विद्यार्थी
बस खराब होने के बाद मजबूरी में टैक्सियों और लिफ्ट लेकर घर पहुंचे यात्री
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। घरमाणी से चंबा आ रही सरकारी बस सुबह कुछ दूरी पर ही अचानक खराब हो गई। बस यात्रियों से भरी हुई थी। इसके चलते सवारियों को बीच रास्ते में ही उतरना पड़ा और परेशानी का सामना करना पड़ा।
बस खराब होने के कारण स्कूल-कॉलेज जाने वाले विद्यार्थी और दफ्तर जाने वाले कर्मचारी समय पर चंबा नहीं पहुंच पाए। कई यात्रियों को मजबूरी में टैक्सी और लिफ्ट का सहारा लेना पड़ा।
यात्रियों में तिलक राज, यशपाल, दिनेश कुमार, महिंद्र कुमार, ज्ञान चंद और किशोरी लाल ने बताया कि पिछले डेढ़ साल से इस रूट पर बसों के खराब होने की समस्या लगातार बनी हुई है। इस रूट पर चलने वाली बसें अकसर बीच रास्ते में खराब हो जाती हैं। कई बार दिन में तीन-तीन बसें भी खराब होने की शिकायत सामने आ चुकी है। इससे यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस रूट पर सरकारी बस ही लोगों के लिए मुख्य परिवहन साधन है। लगातार खराबी के कारण अब यात्रियों में सफर को लेकर भय और असुरक्षा की भावना बढ़ रही है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार उपायुक्त को भी अवगत करवाया है लेकिन अभी तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकल पाया है। एचआरटीसी के डीडीएम शुगल सिंह ने कहा कि बसों की मांग बार-बार भेजी जा रही है।