सिहुंता (चंबा)। ग्राम पंचायत सिहुंता के वार्ड नियाहीं में दो वर्ष पहले भारी बारिश के कारण गिरा डंगा आज तक नहीं लग पाया है। प्रभावित ग्रामीण करनैल सिंह का कहना है कि डंगा गिरने से उनका घर खतरे में है।भविष्य में अगर बारिश हुई तो मकान गिरने का खतरा है। कई बार पंचायत को इसकी सूचना दे चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान अभी तक नहीं हुआ। डंगे के मलबे से सुरेंद्र कुमार का खेत भी बर्बाद हो गया है। उन्होंने बताया कि दो साल से खेत में कोई फसल नहीं उगाई जा सकी और जमीन की गुणवत्ता भी प्रभावित हुई है। वहीं, प्रधान अनिल शर्मा ने कहा कि पहले एक लाख रुपये के बजट से डंगा लगाया गया था, लेकिन बारिश में वह गिर गया। डंगे को लगाने का प्रस्ताव भेजा गया है और जैसे ही स्वीकृति मिलेगी, काम पूरा करवा दिया जाएगा।