चंबा। सिल्लाघ्राट की मंदराला धार में वीरवार रात को भारी बारिश से कच्चा मकान गिर गया। इससे एक परिवार के एक दर्जन लोग घायल हो गए। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ है। यह घटना वीरवार रात करीब साढ़े दस बजे की है।
जानकारी के मुताबिक जब गुज्जर समुदाय से संबंध रखने वाला परिवार घर में सो रहा था तो उसी दौरान भारी बारिश से मकान धराशायी हो गया। इससे मकान के अंदर सो रहा परिवार मलबे की चपेट में आ गया। मकान गिरते ही परिवार के सदस्यों ने मदद के लिए चीख-पुकार शुरू कर दी। उनकी चीख-पुकार सुनकर समुदाय के अन्य लोग भी मौके पर पहुंच गए, जिन्होंने रात को ही सभी लोगों को क्षतिग्रस्त मकान से सुरक्षित बाहर निकाल कर सुरक्षित जगह पहुंचाया।
पीठ पर उठा 40 किमी पैदल चल सड़क तक पहुंचाएं घायल
घायलों को स्वास्थ्य केंद्र तक पहुंचाने के लिए लोगों को कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। सभी घायलों को पीठ पर उठाकर चालीस किलोमीटर दूर सात घंटे पैदल चलकर सड़क तक पहुंचाया गया। यहां से एंबुलेंस के जरिये घायलों को पीएचसी जडेरा पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चार लोगों को चंबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। जबकि, अन्य घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया।
चंबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती घायलों की पहचान सेफ अली (15) पुत्र रोशन निवासी गांव छलोगा, मुश्ताक (14) पुत्र अयूब निवासी बरडिका डाकघर सिल्लाघ्राट, समीना (16) पुत्री फजलदीन और जरीमा (18) पुत्री फजलदीन निवासी छलोगा के रूप में हुई है। जबकि, अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम अस्पताल पहुंची, जहां पर पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज किए। पुलिस अधीक्षक अरुल कुमार ने बताया कि धार में मकान गिरने से दर्जनभर लोग घायल हो गए हैं। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज किए हैं। मामले में आगामी कार्रवाई की जा रही है।