चंबा। शहर और आसपास के इलाकों में बिना लाइसेंस के बार चलाने वाले होटलियर्स के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। एएसपी हितेश लखनपाल की अध्यक्षता में पुलिस दल ने शनिवार देर रात बालू में संचालित दो होटलों में दबिश दी। इस दौरान वहां पर शराब के जाम छलकते पाए गए। जब होटल संचालक से बार का लाइसेंस दिखाने को कहा गया तो उनके पास कोई लाइसेंस नहीं मिला। इस दौरान एएसपी ने होटल संचालक को फटकार लगाते हुए कहा कि बिना लाइसेंस बार चलान गैर कानूनी है। इसलिए यह कारोबार उन्हें अब बंद करना होगा। अगली बार उन्हें हिदायत नहीं बल्कि सीधे कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा उन्होंने ढाबों में भी दबिश देकर संचालकों को अवैध रूप से शराब नहीं पिलाने की चेतावनी दी। एएसपी ने बताया कि जो भी होटल, रेस्टोरेंट या ढाबा संचालक गैर कानूनी तरीके से शराब बेचने का या पिलाने का कारोबार कर रहे हैं। उनके खिलाफ शीघ्र ही कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। जिले में किसी तरह के अवैध नशे के कारोबार को पनपने नहीं दिया जाएगा।