चंबा। शहर में खुले में सीवरेज की गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ नगर परिषद ने कार्रवाई की है। नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल ने नियमों की अनदेखी कर खुले में सीवरेज का गंदा पानी छोड़ने पर एक होटल और एक रेस्टोरेंट संचालक का चालान किया है। दोनों संस्थानों के संचालकों पर एक-एक हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। खुले में सीवरेज का गंदा पानी दोबारा पाया जाता है तो उन पर दोगुना जुर्माना लगाया जाएगा।
वीरवार को नगर परिषद की कार्यकारी अधिकारी राखी कौशल ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान पाया गया कि होटल और रेस्टोरेंट की ओर से सीवरेज की गंदगी खुले में छोड़ी जा रही थी। इससे आसपास गंदगी फैलने के साथ ही लोगों को परेशानी होने की आशंका थी। इस पर अधिकारी ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों संस्थानों के चालान किए। कार्यकारी अधिकारी ने होटल और रेस्टोरेंट संचालकों को भविष्य में इस तरह की लापरवाही न बरतने की सख्त हिदायत दी। साथ ही सीवरेज की समस्या को जल्द ठीक करवाने और गंदे पानी की उचित निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि शहर में स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने और नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ नगर परिषद की ओर से कार्रवाई की जाएगी। लोगों से भी अपील की गई है कि वे सीवरेज का गंदा पानी खुले में न छोड़ें।