हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला राज्य के युवाओं को अपनी मिट्टी और स्थानीय संसाधनों से जोड़ने के लिए स्कूल शिक्षा में बड़ा बदलाव करने जा रहा है। बोर्ड ने सरकारी और संबद्धता प्राप्त स्कूलों में कक्षा 9वीं से 12वीं तक बागवानी को व्यावसायिक विषय के रूप में शुरू करने की तैयारी कर ली है। प्रस्तावित पाठ्यक्रम को अंतिम मंजूरी के लिए राष्ट्रीय व्यावसायिक प्रशिक्षण परिषद (एनसीवीटी) को भेजा गया है। योजना है कि इसे शैक्षणिक सत्र 2026-27 से लागू किया जाए। दरअसल, बोर्ड को हाल ही में ड्यूल कैटेगरी का स्टेटस मिला है, जिससे उसे राज्य की भौगोलिक और आर्थिक जरूरतों के अनुरूप व्यावसायिक पाठ्यक्रम तैयार करने का अधिकार मिला है।