चंबा। नगर परिषद चंबा के चुनावों को लेकर प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। एसडीएम चंबा शिवम प्रताप सिंह ने बताया कि प्रदेश चुनाव आयोग ने नप चुनाव को लेकर अधिसूचना जारी कर दी है। चुनाव के लिए प्रत्याशी 24, 26 और 28 दिसंबर को नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 29 दिसंबर को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। 31 दिसंबर को नामांकन वापसी का दिन तय किया गया है। इसी दिन चुनाव लड़ने वाले प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी। 24 दिसंबर तक पोलिंग बूथों की सूची जारी की जाएगी। 10 जनवरी 2021 को सुबह आठ से शाम चार बजे तक मतदान होगा और इसके बाद तुरंत नतीजे घोषित किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि आदर्श आचार संहिता की अनुपालना कड़ाई से करवाई जाएगी। इसके अलावा शहरी क्षेत्र में सरकार की उपलब्धियों के होर्डिंग भी हटा दिए गए हैं। गौरतलब है कि नगर परिषद चंबा के तहत 11 वार्ड हैं। जिनमें हरदासपुरा, सुल्तानपुर, चौंतड़ा, हटनाला, जनसाली, सपड़ी, धड़ोग, जुलाहकड़ी, चौगान वार्ड, कसाकड़ा व सुराड़ा वार्ड हैं। नप चुनावों को लेकर आरक्षण रोस्टर जारी हो चुका है।