चंबा। चुराह उपमंडल के डौंरी स्थित अग्निशमन उपकेंद्र में ड्यूटी पर तैनात गृह रक्षक विनोद कुमार की चक्कर आने के बाद तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। अचेत अवस्था में तीसा अस्पताल में गृह रक्षक को पहुंचाने पर ड्यूटी पर तैनात चिकित्सक ने उसे मृत करार दिया। मेडिकल कॉलेज चंबा में मृतक गृह रक्षक का पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया।
पुलिस को दिए बयान में अन्य गृह रक्षकों ने बताया कि विनोद कुमार गृह रक्षक विभाग में थे और वर्तमान में अग्निशमन उप केंद्र डौंरी तीसा में तैनात थे। 3 सितंबर को ड्यूटी के दौरान गृह रक्षक विनोद कुमार अचानक शाम 6:00 बजे बेहोश हो गए। उन्हें अचेत हालत में फायर स्टेशन डौंरी तीसा से सरकारी वाहन में बिठाकर उपचार के लिए सिविल अस्पताल तीसा ले पहुंचाया, लेकिन उनकी जान नहीं बच पाई। उधर, पुलिस अधीक्षक चंबा अभिषेक यादव ने बताया कि ड्यूटी के दौरान गृह रक्षक की मौत हुई हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन आरंभ कर दी है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।