तेलका में क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में शॉट खेलता खिलाड़ी। -संवाद
तेलका (चंबा)। फ्रेंड्स क्रिकेट कप तेलका का फाइनल मुकाबला हिमालयन पैंथर और ब्लास्टर बॉयज के बीच खेला गया। इसमें हिमालयन पैंथर ने शानदार जीत हासिल की। इस प्रतियोगिता में कुल 23 टीमों ने भाग लिया और विभिन्न रोमांचक मुकाबलों का हिस्सा बनीं।
फाइनल मुकाबले के मुख्यातिथि के रूप में डलहौजी के विधायक डीएस ठाकुर उपस्थित रहे। उन्होंने प्रतियोगिता के आयोजन में योगदान देने के लिए फ्रेंड्स क्रिकेट क्लब को 11,000 रुपये की सहयोग राशि प्रदान की।
विधायक ने विजेता टीम को ट्रॉफी और नकद 30,000 रुपये देकर सम्मानित किया, जबकि उपविजेता ब्लास्टर बॉयज को ट्रॉफी और नकद 15,000 रुपये दिए गए। इसके अलावा बेहतरीन खेल प्रदर्शन के लिए हेरी को ‘मैन ऑफ द मैच’ का पुरस्कार दिया गया।
इस अवसर पर व्यापार मंडल अध्यक्ष देशराज बसंत, फ्रेंड्स क्रिकेट कप के आयोजक मोहम्मद भोटो और अन्य क्लब सदस्य भी मौजूद थे। विधायक डीएस ठाकुर ने खिलाड़ियों को पुरस्कार देते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से समाज में एकता और सहयोग की भावना को प्रोत्साहन मिलता है।