आइस बाथ लेते हुए चुराह के युवा पहलवान सुमित ठाकुर
- फोटो : अमर उजाला नेटवर्क
जहां कड़ाके की ठंड में लोग घरों से बाहर निकलने में हिचकिचा रहे हैं, वहीं चुराह घाटी के युवा पहलवान सुमित ठाकुर ने -4°C तापमान में बर्फीले पानी में डुबकी लगाकर अपनी अदम्य साहस और शारीरिक शक्ति का अद्भुत प्रदर्शन किया। इस साहसिक कदम ने न केवल उनकी फिटनेस और मानसिक दृढ़ता का परिचय दिया बल्कि युवाओं के लिए भी प्रेरणा का नया उदाहरण पेश किया।
सुमित ठाकुर ने बताया कि आइस बाथ लेने से मांसपेशियों को आराम मिलता है और शरीर की रिकवरी तेज होती है। इसके साथ ही मानसिक तनाव कम होता है और सहनशक्ति बढ़ती है। वह नियमित रूप से अपने प्रशिक्षण का हिस्सा के रूप में आइस बाथ लेते हैं, ताकि अपनी फिटनेस और मानसिक ताकत को बनाए रख सकें। स्थानीय लोगों ने सुमित की इस साहसिक पहल की जमकर तारीफ की और कहा कि उनके इस कदम से युवाओं को प्रेरणा मिलेगी। यह पहल न केवल फिटनेस के महत्व को दर्शाती है बल्कि यह अनुशासन, साहस और समर्पण का उदाहरण भी पेश करती है।