चंबा के रावमापा चिल्ली में पारंपरिक व्यंजनों की प्रदर्शनी के साथ विद्यार्थी। स्कूल प्रबंधन
चुराह (चंबा)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला चिल्ली में ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने केरल और हिमाचल के पारंपरिक व्यंजनों की प्रदर्शनी लगाई। कार्यक्रम की शुरुआत प्रधानाचार्य राकेश कुमार और प्रभारी प्रवक्ता (अंग्रेजी) राकेश कुमार के संबोधन से हुई। उन्होंने बच्चों को विविधता और सांस्कृतिक एकता के महत्व से अवगत करवाया। विद्यार्थियों ने केरल के पारंपरिक व्यंजन पुट्टू-चना, चटनी, सांबर और केरला पराठा तैयार किए। साथ ही उनके इतिहास और पोषण महत्व की जानकारी भी दी। इसी प्रकार हिमाचल के स्थानीय व्यंजन खीर, बबरू, मंडे, हलवा-पूरी और मीठे चावल सुंदर ढंग से प्रस्तुत किए गए। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने-अपने स्टॉल सजाए और उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य सहित समस्त अध्यापक मौजूद रहे।