चुवाड़ी (चंबा)। नागरिक अस्पताल चुवाड़ी में उपचाराधीन मरीजों को एक्सरे करवाने के लिए निजी लैब में जाना पड़ रहा है। अस्पताल में लगी मशीन एक महीने से खराब पड़ी है। इसके चलते आउट डोर और इंडोर मरीजों को एक्सरे के लिए भटकना पड़ रहा है।
अस्पताल में जो एक्सरे मुफ्त में हो रहे थे, उन्हें करवाने के लिए निजी लैब में मरीजों को पैसे देने पड़ रहे हैं। अस्पताल में तीस साल पहले लगी एक्सरे मशीन को आज तक नहीं बदला गया है। यही वजह है कि आए दिन यह मशीन खराब हो जाती है। इसका खामियाजा उपमंडल की 50 पंचायतों के लोगों को भुगतना पड़ता है। चुवाड़ी अस्पताल में 250 की ओपीडी रहती है। रोजाना 50 से 100 मरीज ऐसे आते हैं, जिन्हें डॉक्टर इलाज के लिए एक्सरे करवाने का परामर्श देते हैं। एक महीने से चुवाड़ी के मरीजों को अस्पताल में एक्सरे करवाने की सुविधा नहीं मिल रही है।
नागरिक अस्पताल चुवाड़ी भटियात विस क्षेत्र का सबसे बड़ा स्वास्थ्य संस्थान है। यहां मरीजों के एक्सरे न होना चिंता का विषय है। इस अस्पताल में इलाज के लिए दूरदराज से लोग आते हैं। - पवन गौतम
सरकार को अस्पताल में लगी पुरानी मशीन को बदलकर नई आधुनिक एक्सरे मशीन लगानी चाहिए, जिससे मरीजों को अपने एक्सरे करवाने के लिए परेशान न होना पड़े। - अनु बाला
अस्पताल में जाे पुरानी मशीन है, उसे तीस सालों में नहीं बदला गया है। मशीन के काम करने की भी एक समय अवधि होती है। ऐसे में मशीन आए दिन खराब हो जाती है। - अभिनय रैणा
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप पठानिया को अस्पताल में नई एक्सरे मशीन स्थापित करवाने के लिए उचित कदम उठाने चाहिए। क्षेत्र के लोगों को उनसे काफी उम्मीदें हैं। - संजीव शांडिल्य
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर बिपन ठाकुर ने बताया कि जल्द ही खराब पड़ी मशीन को ठीक करवाया जाएगा।