चंबा। स्वास्थ्य खंड तीसा और किहार में टीबी के तीन मरीजों की पहचान स्वास्थ्य विभाग ने की है। पिछले कुछ दिन से जिले में आयुष्मान भव: अभियान के तहत गैर संचारी रोगों की स्क्रीनिंग की जा रही है।
इसमें किहार में दो और तीसा में एक टीबी रोगी की पहचान की गई है। इन मरीजों में स्क्रीनिंग के दौरान टीबी संबंधित लक्षण मिले थे। इसके चलते स्वास्थ्य विभाग की टीम ने इन लोगों के बलगम के सैंपल लेकर सरकारी प्रयोगशाला भेजे। यहां इन मरीजों में टीबी होने की पुष्टि हुई।
अब जिले में टीबी मरीजों की संख्या बढ़कर 780 पहुंच गई है। जिले को टीबी मुक्त बनाने के लिए स्वास्थ्य विभाग गैर संचारी रोगों की पहचान करने के साथ छुपे हुए टीबी रोगियों की भी पहचान कर रहा है। इसके लिए आशा वर्कर व फार्मेसी अफसरों को विभाग ने विशेष प्रशिक्षण दिया है। प्रशिक्षण में इन कर्मचारियों को बताया गया है कि टीबी रोगी की पहचान कैसे करनी होगी। उसके बाद उनके बलगम का सैंपल कैसे लिया जाएगा। इस प्रशिक्षण के उपरांत अब स्वास्थ्य कर्मचारी जिला भर में छुपे हुए टीबी रोगियों के साथ-साथ अन्य बीमारियों के मरीजों की पहचान कर रहे हैं।
स्वास्थ्य खंड किहार और तीसा के जिन इलाकों में टीबी के मरीज निकले हैं, उन इलाकों में स्क्रीनिंग अभियान और तेज किया जाएगा। जो टीबी मरीज सामने आए हैं। उनके इलाज को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने दवाइयां भी दी गई हैं। अब विभाग इनके इलाज पर नजर रखेगा।
जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉक्टर हरित पुरी ने बताया कि तीसा और किहार में तीन टीबी के नए मरीज सामने आए हैं। इन्हें दवाइयां आवंटित की गई हैं। ये मरीज आयुष्मान भव: अभियान की स्क्रीनिंग के दौरान सामने आए हैं।