चंबा। जनजातीय क्षेत्र भरमौर में संचालित एक प्रोजेक्ट के 17 कर्मचारियों सहित 33 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। एक साथ 33 लोगों के कोरोना पॉजिटिव आने के साथ चंबा में एक बार फिर से हड़कंप है।
शुक्रवार सुबह पेंडिंग सैंपलों की रिपोर्ट मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय पहुंची। इसमें 33 लोग पॉजिटिव दर्शाए गए हैं। 17 संक्रमित भरमौर के प्रोजेक्ट में काम करने वाले कर्मचारी हैं। मंजीर गांव में 26 साल का एक युवक भी कोरोना संक्रमित पाया गया है। प्रोजेक्ट में कार्यरत 17 लोग जो कोरोना पॉजिटिव निकले हैं ये कुछ दिन पहले झारखंड के हजारीबाग से चंबा आए हैं। इन सभी लोगों को होम क्वारंटीन किया गया था। एहतियात के तौर पर सैंपल भी लिए गए थे। ये भरमौर में एक प्रोजेक्ट में काम करते हैं। इसके अलावा मंगला पंचायत में 37, 35, 15, 65, 19, 14 और 23 साल का व्यक्ति और 15 व 41 साल की महिला पॉजिटिव पाई गई हैं। ये लोग कोरोना संक्रमित के संपर्क में आने से पॉजिटिव पाए गए हैं। चुवाड़ी में 35, 28 और 30 साल का व्यक्ति संक्रमित के संपर्क में आने से पॉजिटिव पाए गए हैं। सिविल अस्पताल चुवाड़ी में 29 साल का स्वास्थ्य कर्मचारी भी पॉजिटिव पाया गया है। बाथरी में भी 35 साल का स्वास्थ्य कर्मचारी पॉजिटिव निकला है। इसके अलावा ककियां गांव में 32 साल का व्यक्ति संक्रमित पाया गया है।
स्वास्थ्य विभाग ने संक्रमितों को संबंधित कोविड केयर सेंटरों में शिफ्ट कर दिया है। जहां पर उनका उपचार किया जाएगा। जिले में अब तक 474 लोग संक्रमित हो चुके हैं। 359 लोग स्वस्थ हुए हैं। इसके अलावा चंबा में 111 एक्टिव केस हैं। इनका उपचार चला हुआ है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर राजेश गुलेरी ने बताया कि चंबा में 33 लोग कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। संक्रमितों को कोविड केयर सेंटरों में शिफ्ट कर दिया है।