चुवाड़ी (चंबा)। विधानसभा क्षेत्र भटियात के तहत सिविल अस्पताल चुवाड़ी में तैनात चिकित्सक, नेवी जवान सहित चार लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। चिकित्सक के संक्रमित पाए जाने के बाद अस्पताल में हड़कंप मच गया। हालांकि स्वास्थ्य विभाग ने चिकित्सक को पहले ही होम हाईसोलेट कर दिया था। अस्पताल को खाली करवाकर एहतियात के तौर पर पूरी तरह से सैनिटाइज करवाया गया है। सिविल अस्पताल चुवाड़ी को शुक्रवार दोपहर बाद मरीजों के लिए खोल दिया गया। सभी संक्रमितों को 108 एंबुलेंस में कोविड केयर सेंटरों में शिफ्ट किया गया।
शुक्रवार को सिविल अस्पताल चुवाड़ी में एक चिकित्सक, एक नेवी जवान सहित चेन्नई से लौटे दो युवक संक्रमित पाए गए। चिकित्सक को कोविड केयर सेंटर डलहौजी शिफ्ट किया गया। अन्य तीन जतरूड़ स्थित क्वारंटीन सेंटर में क्वारंटीन किए गए थे। इनमें 28 वर्षीय एक नेवी का जवान है। इसका यात्रा इतिहास दिल्ली का है। इसके अलावा होबार क्षेत्र के रहने वाले 35 वर्षीय और 30 वर्षीय युवक हैं। यह दोनों चेनई से आए थे। तीनों को कोविड केयर सेंटर बालू शिफ्ट किया गया है।
सिविल अस्पताल के वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. शाम शर्मा ने बताया कि चुवाड़ी अस्पताल में कार्यरत डॉक्टर को पहले ही आईसोलेट कर दिया गया था। एहतियात के तौर पर अस्पताल को सैनिटाइज कर दोपहर बाद खोल दिया गया। चिकित्सक को कोविड केयर सेंटर डलहौजी और तीन अन्य लोगों को कोविड केयर सेंटर बालू शिफ्ट किया गया है।