पुल न बनने से परेशान हो रहे लोग, बरसात के मौसम में बढ़ जाती हैं दिक्कतें
पांच साल पहले किया था मार्ग का निर्माण, पुल बनाना भूल गया विभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
मैहला (चंबा)। मैहला से चड़ी पंचायत को जोड़ने वाली सड़क पर पुल न बनने से लोगों की जिंदगी रोज खतरे में पड़ रही है। करीब पांच वर्ष पहले मार्ग का निर्माण तो कर दिया लेकिन मैहला खड्ड पर पुल बनाना विभाग भूल गया।
ऐसे में राहगीरों, स्कूली बच्चों और वाहन चालकों को जान जोखिम में डालकर खड्ड पार करनी पड़ रही है। बरसात और बारिश के दिनों में स्थिति और भी भयावह हो जाती है, जब खड्ड में पानी उफान पर होता है। बावजूद इसके मजबूरी में लोगों को इसी रास्ते का उपयोग करना पड़ता है। स्थानीय बच्चों को हर दिन इसी खतरनाक मार्ग से स्कूल जाना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार विभाग को प्रस्ताव भेजे गए। विधायक के समक्ष भी मामला उठाया लेकिन आज तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया। बीते वर्ष आपदा के दौरान भी यह रास्ता लोगों के लिए बड़ी चुनौती बना रहा। चड़ी पंचायत की सैकड़ों आबादी इस समस्या से जूझ रही है। सड़क बनने के बावजूद बिना पुल के इसका कोई वास्तविक लाभ नहीं मिल पा रहा।
दलीप कुमार, राकेश कुमार, प्रदीप, दिनेश कुमार, रजिंद्र, सचिन और उमेश कुमार ने बताया कि खड्ड पार करना हर दिन जोखिम भरा होता जा रहा है। विभाग इस ओर ध्यान नहीं दे रहा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द पुल निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो वे धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि भविष्य में कोई हादसा होता है तो उसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग की होगी। उधर, लोक निर्माण विभाग के कनिष्ठ अभियंता सिद्धार्थ ठाकुर ने कहा कि जल्द ही इस दिशा में उचित कदम उठाए जाएंगे।