नैनीखड्ड (चंबा)। भरमौर-पठानकोट हाईवे पर तुन्नूहट्टी बैरियर पर पुलिस ने सरकारी बस में सवार एक व्यक्ति से 382 ग्राम चरस बरामद की है। आरोपी की पहचान हरि सिंह (36) निवासी जसौरगढ़ तहसील चुराह के रूप में हुई है। पुलिस ने व्यक्ति को गिरफ्तार कर आगामी छानबीन आरंभ कर दी है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार मंगलवार रात 1:00 बजे तुन्नूहट्टी बैरियर के पास एएसआई राकेश धीमान पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। साथ ही वहां से गुजरने वाले हरेक वाहन की गहनता से तफ्तीश कर रहे थे। इसी दौरान चंबा से अमृतसर रूट पर जा रही सरकारी बस वहां पहुंची। पुलिस टीम ने बस को रुकवा कर तलाशी अभियान आरंभ किया। जांच के दौरान बस में सवार एक व्यक्ति के बैग की तलाशी लेने पर उससे 382 ग्राम चरस बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है। यह मामला चुवाड़ी थाने में दर्ज किया गया है। डीएसपी डलहौजी हेमंत ठाकुर ने खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले में आगामी छानबीन की जा रही है।