प्रोग्रेसिव काउंसिल की बैठक में जिले की विकास परियोजनाओं में अड़चनों और पेंशनर्स के मुद्दों पर भी चर्चा
मेडिकल कॉलेज से बारू तक सड़क निर्माण जल्द पूरा करने की मांग, विकास कार्यों में बाधाएं दूर करने की अपील
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिला प्रोग्रेसिव काउंसिल की बैठक अध्यक्ष चंद्र सहगल की अध्यक्षता में हुई। इसमें जिले के पिछड़ेपन, विकास परियोजनाओं में आ रही अड़चनों, शहर की पार्किंग समस्या और पेंशनर्स से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की गई।
सदस्यों ने बस स्टैंड के समीप पार्किंग का काम शुरू करवाने के लिए सदर विधायक नीरज नैय्यर का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस परियोजना के पूरा होने से शहर में पार्किंग की समस्या कम करने में मदद मिलेगी।
सदस्यों ने कहा कि करीब दस वर्ष पहले चंबा को देश के 112 आकांक्षी जिलों में शामिल किया गया था और उस समय इसे प्रदेश का सबसे पिछड़ा जिला बताया गया था। बावजूद इसके जिले में अपेक्षित विकास नहीं हो पाया है। विकास के लिए सरकार के साथ समाज के प्रत्येक व्यक्ति को भी अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
बैठक में आरोप लगाया गया कि जिले में कई बड़ी परियोजनाएं कानूनी अड़चनों के कारण आगे नहीं बढ़ पा रही हैं। इनमें रावी व्यू के पास प्रस्तावित पुल, नया डाकघर, कैंसर केयर सेंटर, दिल्ली रोड पर रेहड़ी-फड़ी वालों के लिए प्रस्तावित 300 दुकानें और एसपी आवास के साथ बनने वाली पार्किंग परियोजना शामिल हैं। सदस्यों ने विकास कार्यों में बाधा डालने वालों के खिलाफ सामाजिक स्तर पर आवाज उठाने की अपील की। साथ ही मेडिकल कॉलेज से बारू तक सड़क निर्माण कार्य जल्द पूरा करने की मांग की।
धर्मशाला में मुख्यमंत्री की ओर से पेंशनर एसोसिएशन के प्रतिनिधियों को मिलने का समय नहीं दिए जाने पर भी सदस्यों ने खेद जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री को पेंशनर्स की समस्याएं सुनने के लिए प्रतिनिधियों से मुलाकात करनी चाहिए थी।