चंबा। अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति सहित अन्य पिछड़ा वर्ग श्रेणी के परिवारों को मकान मिलेंगे। गृह अनुदान योजना के तहत प्रदेश सरकार करीब एक करोड़ 25 लाख रुपये की राशि खर्च करेगी।
अधिकतर पात्र लोगों को पहली किस्त जारी कर दी गई है। गृह निर्माण का कार्य जारी है। दूसरी किस्त कार्य खत्म होने पर दी जाएगी।
जिले के 109 पात्र परिवारों को योजना के तहत मकान मिलेंगे। अनुसूचित जाति श्रेणी से 84, अनुसूचित जनजाति के 23 और अन्य पिछड़ा वर्ग श्रेणी से दो आवेदनों को सरकार ने स्वीकृति दी थी। गृह निर्माण के लिए लाभार्थियों को सरकार डेढ़ लाख रुपये की राशि देगी। राशि दो किस्तों में दी जाएगी। दूसरी किस्त काम पूरा होने पर जारी की जाएगी। पहली किस्त जारी होने के बाद अधिकतर लाभार्थियों ने निर्माण कार्य शुरू कर दिया है। माना जा रहा है कि तीन या चार महीने में यह कार्य पूरा हो जाएगा और पात्र लाभार्थियों के अपने मकान का सपना साकार होगा। गौरतलब है कि प्रदेश सरकार अनुसूचित जाति, जनजाति सहित अन्य पिछड़ा वर्ग के उत्थान के प्रयास कर रही है। इसके तहत लोगों के लिए मकान की व्यवस्था करवाई जा रही है। शिक्षा के लिए भी अनुदान दिया जा रहा है।
उधर, जिला कल्याण अधिकारी चंबा चमन शर्मा ने बताया कि योजना के तहत 109 आवेदनों को स्वीकृति मिली है। अधिकतर लाभार्थियों को पहली किस्त जारी कर दी गई है। भवनों का निर्माण कार्य प्रगति पर है। कार्य पूरा होने पर दूसरी किस्त भी जारी कर दी जाएगी।