चंबा। टीजीटी अध्यापकों की कमी से जूझ रहे जिले के सरकारी स्कूलों के लिए अच्छी खबर है। प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय ने टीजीटी के तैनाती आदेश जारी कर दिए हैं। निदेशालय ने इसकी अधिसूचना जारी कर दी है।
विभाग ने नव नियुक्त अध्यापकों को दस दिन के भीतर ज्वाइन करने के निर्देश दिए हैं। इसका विवरण निदेशालय भेजने को भी कहा है। नए अध्यापकों की तैनाती होने से लंबे समय से नौकरी का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों को राहत मिली है। अध्यापकों की कमी से जूझ रहे सरकारी स्कूलों का भी इंतजार खत्म हुआ है।
जिला चंबा में टीजीटी आर्ट्स के 72, टीजीटी नॉन मेडिकल के 69 और टीजीटी मेडिकल श्रेणी से 54 अध्यापकों के नियुक्ति आदेश जारी हुए हैं। जिले के विभिन्न उपमंडलों में चल रहे सरकारी स्कूलों में इन अध्यापकों की तैनाती की गई है। इससे अब विद्यार्थियों को भरपूर पढ़ाई मिलेगी। रिक्त पदों की समस्या का भी समाधान हो गया है।
गौरतलब है कि जिले के अधिकतर स्कूल स्टाफ की कमी से जूझ रहे हैं। विद्यार्थियों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। डेपुटेशन के आधार पर तैनात शिक्षकों की नियुक्तियां अन्य स्कूलों में भी की गई है। इससे अध्यापकों पर कार्य बोझ बढ़ गया है। अब जिले के सरकारी स्कूलों में 195 टीजीटी अध्यापकों की तैनाती होने से काफी हद तक अध्यापकों को राहत मिलेगी।
कार्यवाहक प्रारंभिक शिक्षा उपनिदेशक ज्ञान चंद ने बताया कि जिला में करीब 195 टीजीटी अध्यापकों के तैनाती आदेश जारी हुए हैं। निदेशालय की ओर से दस दिन के भीतर इन अध्यापकों को ज्वाइन करने को कहा है। अध्यापकों की नियुक्ति से स्कूलों में व्यवस्था बेहतर होगी।