पांगी (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र पांगी में एक दर्जन संपर्क मार्गों पर एचआरटीसी ने बस सेवाएं शुरू कर दी हैं। लोक निर्माण विभाग ने 13 संपर्क मार्गों को बसों सहित अन्य वाहनों की आवाजाही के लिए फिटनेस सर्टिफिकेट जारी कर दिया है। गौरतलब है कि पिछले तीन माह से इन संपर्क मार्गों पर बस सेवाएं बंद पड़ी थीं। इसके चलते लोगों को पैदल ही अपनी यात्रा पूर्ण करनी पड़ रही थी। जिन मार्गों पर बर्फ पिघल चुकी थी वहां पर भी एचआरटीसी अपनी बसों को नहीं चला रहा था।
प्रबंधन की तरफ से बसों को चलाने से पहले लोक निर्माण विभाग से फिटनेस सर्टिफिकेट मांगा जा रहा था। इसके चलते लोक निर्माण विभाग ने सभी संपर्क मार्गों की मरम्मत करवाई जो बर्फबारी या भूस्खलन से क्षतिग्रस्त हो गए थे। अब इन मार्गों को यातायात के लिए बहाल कर दिया गया है। निजी वाहन इन मार्गों पर दौड़ना शुरू हो चुके हैं। इसके साथ ही विभाग ने फिटनेस सर्टिफिकेट एचआरटीसी को भी दे दिया है। एचआरटीसी आगामी दिनों में इन मार्गों पर बसों की सेवाएं शुरू कर सकता है। बस सेवाएं शुरू होने से पांगी की 19 पंचायतों में रहने वाली 30,000 आबादी को लाभ मिलेगा। पांगी के हुडान, मिंधल, रेई, साच, लुज, धरवास, सुराल, चलोली और करियुनी सहित अन्य संपर्क मार्गों को बस चलाने के लिए लोक निर्माण विभाग ने ने फिट घोषित किया है। इन इलाकों से संबंधित लोगों को जल्द बस सुविधा मिल सकती है।
पांगी के 13 संपर्क मार्गों को बस सहित अन्य वाहनों की आवाजाही के लिए फिट घोषित कर दिया गया है। इसका फिटनेस सर्टिफिकेट विभाग ने एचआरटीसी को भी दे दिया है। -मोहिंद्र ठाकुर, कार्यकारी अधिशासी अभियंता, लोनिवि मंडल पांगी।