चंबा- बोगा- बाड़का रूट ही एक और बस एक सप्ताह से सड़क किनारें खराब खड़ी:
चंबा। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की बसों की खस्ताहाल स्थिति यात्रियों के लिए लगातार परेशानी का कारण बनती जा रही है। चंबा से बोगा-बाड़का जाने वाली सरकारी बस एक बार फिर अपने निर्धारित गंतव्य तक नहीं पहुंच पाई। शनिवार को शाम 5:45 बजे चंबा से रवाना हुई यह बस 6:30 बाड़का से करीब तीन किलोमीटर पहले ही बोगा में खराब हो गई, जिससे यात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
बस के अचानक खराब हो जाने से दूर-दराज क्षेत्रों के यात्रियों, महिलाओं और विद्यार्थियों को अंधेरे में ही पैदल सफर तय करना पड़ा। कई यात्री रात 9 बजे अपने घर पहुंच पाए। यात्री राकेश कुमार, घिंद्र सिंह, संजू कुमार, कमलेश कुमार, काकू राम और जीवन कुमार ने बताया कि यह कोई पहली बार नहीं हुआ है। एक साल से इस रूट पर केवल एक ही पुरानी और खटारा बस चलाई जा रही है, जो कुछ ही दिन पर खराब हो जाती है। यह तीसरी बार है जब बस अपने निर्धारित स्थान तक नहीं पहुंच पाई है। हालात यह हैं कि एक महीने में यह बस करीब 10 से 12 दिन खराब रहती है। उन्होंने कहा कि इस समस्या को लेकर कई बार परिवहन निगम के अधिकारियों को अवगत करवाया गया, लेकिन आज तक कोई स्थायी समाधान नहीं निकाला गया। मजबूरी में यात्री जान जोखिम में डालकर सफर करने को विवश हैं। लोगों ने परिवहन निगम को चेतावनी दी है कि यदि इस रूट पर फिर से खटारा बस भेजी गई तो आरएम कार्यालय का घेराव कर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। यात्रियों ने मांग की है कि बोगा-बाड़का रूट पर जल्द नई या बेहतर स्थिति वाली बसें चलाई जाएं।
एचआरटीसी के डीडीएम शुगल सिंह का कहना है कि बस में तकनीकी खराबी चलते ऐसी समस्या उत्पन्न हुई है। मेकेनिक को भेजकर बस की सही तरीके से मरम्मत करके रूट पर भेज दिया जाएगा और जैसे ही नई बसें आएगी तो इस रूट पर उसे भेज दिया जाएगा।
एक बस पहले से ही खराब खड़ी
चंबा-बोगा-बाड़का रूट की एक और बस एक सप्ताह से खराब खड़ी है। इसकी अब तक मरम्मत नहीं की गई है। सड़क के किनारे ही धूल फांक रही है। परिवहन निगम ने एक सप्ताह से खराब पड़ी बस की मरम्मत करने की बजाए दूसरी बस को रूट पर भेजा वह भी आधे रास्ते खराब हो गई। बस के सड़क के किनारे खड़े रहने से जाम की भी समस्या हो रही है। लोगों ने परिवहन निगम से मांग की है कि मेकेनिक को भेजकर दोनों बसों के वहां से हटाया जाए।
रिंपी ठाकुर।