खज्जियार (चंबा)। प्रदेश भर में विख्यात पर्यटन स्थल खज्जियार लिए चंबा से रविवार को निगम की एक भी बस नहीं चलती है जबकि अन्य दिनों में इस रूट पर सुबह से शाम तक चार बसें चलती हैं। बस सुविधा न मिलने लोगों को पैदल या निजी वाहनों में आवाजाही करनी पड़ती है।
रमेश कुमार, सुरेंद्र सिंह, देवी चंद, अमर चंद, पृथी सिंह, चंद्रेश कुमार, रेखा देवी, अमित कुमार, पुष्पा देवी आदि का कहना है कि खज्जियार की हसीन वादियों का आनंद लेने के लिए काफी संख्या में लोग पहुंचते हैं लेकिन बस सुविधा न मिलने के कारण उन्हें काफी परेशानियों का सामना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इसके बारे में वे एचआरटीसी प्रबंधन को कई बार अवगत करवा चुके हैं लेकिन अभी तक कोई प्रयास नहीं किए गए हैं। इससे स्थानीय लोगों में रोष है।
जानकारी के मुताबिक रविवार को छोड़कर चंबा से खज्जियार के लिए सुबह सात बजे, नौ बजे, दोपहर दो बजे और शाम साढ़े पांच बजे बसें चलती हैं। इससे लोगों की आवाजाही काफी सुखद रहती है लेकिन रविवार को एक भी बस नहीं चलाई जा रही है। इससे लोगों को पैदल या टैक्सी के माध्यम से आवाजाही करनी पड़ रही है। लोगों ने मांग की है कि रविवार को भी चंबा से खज्जियार रूट पर बस सेवा शुरू की जाए। आरएम चंबा साहिल कपूर ने बताया कि कुछ समय पहले बस रूट बंद किए गए थे। कहा कि जल्द मांग के अनुसार उचित कदम उठाए जाएंगे।