चंबा। पुखरी के पास रविवार सुबह 9:00 एक सरकारी बस तकनीकी खराबी के कारण बीच सड़क पर ही बंद हो गई। इससे बस में सवार 20 के करीब यात्रियों को दो घंटे तक असुविधा का सामना करना पड़ा।
बस रुकते ही चालक दल ने स्थिति की जानकारी विभाग को दे दी, लेकिन इसके बावजूद निगम की ओर से न तो कोई दूसरी बस भेजी गई और न ही तत्काल सहायता पहुंची, जिससे यात्रियों में भारी नाराजगी देखने को मिली। जानकारी के अनुसार बस में सड़क के किनारे खड़ी करने की क्षमता भी नहीं बची और वह मुख्य मार्ग पर ही ठप हो गई। इस कारण एक ओर यात्री परेशान रहे और दूसरी ओर वाहनों की आवाजाही में भी बाधा उत्पन्न हुई। तेज धूप में यात्री बस के आसपास खड़े सहायता का इंतजार करते रहे।
कुछ यात्री राहगीरों की मदद से अलग-अलग वाहनों में आगे की ओर रवाना हुए, जबकि कई लोग सड़क के किनारे ही बैठे निगम की कार्रवाई का इंतज़ार करते रहे। यात्रियों के चेहरे पर थकान और असहजता साफ झलक रही थी।
करन कुमार, रोहित कुमार, मनीष कुमार, जानवी, रोमिता शर्मा और मानसी सहित अन्य यात्रियों का कहना है कि नियमित रूट पर चलने वाली बसों की समय-समय पर ठीक तरह से जांच की जानी चाहिए, ताकि ऐसी घटनाओं से बचा जा सके। उन्होंने कहा कि निगम की यह लापरवाही यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा दोनों पर सवाल खड़े करती है।
उधर, एचआरटीसी के डीडीएम शूगल सिंह ने बताया कि बस में अचानक तकनीकी दिक्कत आने से यह स्थिति उत्पन्न हुई। भविष्य में ऐसी परिस्थितियों से निपटने के लिए बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।