चंबा के राईजिंग स्टार स्कूल चुवाड़ी में वार्षिक समारोह में प्रस्तुति देते विद्यार्थी।स्रोत प्र
चुवाड़ी (चंबा)। भटियात विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित स्किल यूनिवर्सिटी की स्थापना के लिए राज्य सरकार ने अनुमति प्रदान कर दी है। इसका लेटर ऑफ इंटेंट भी जारी कर दिया गया है। यह जानकारी विधानसभा के अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने राइजिंग स्टार पब्लिक स्कूल चुवाड़ी के वार्षिक समारोह के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि इस महत्त्वपूर्ण संस्थान के स्थापित होने से युवाओं को गुणवत्तापूर्ण तकनीकी और व्यावसायिक शिक्षा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होगी। इससे न केवल कौशल विकास को बढ़ावा मिलेगा बल्कि रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। राइजिंग स्टार पब्लिक स्कूल चुवाड़ी के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह एक्सीलेंसिया–2025, सेलिब्रेटिंग द अचीवर्स ऑफ टूमॉरो में उन्होंने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की।
इस दौरान उन्होंने कहा कि स्किल यूनिवर्सिटी की स्थापना से भटियात विधानसभा क्षेत्र शिक्षा हब के रूप में विकसित होगा और प्रदेश के अन्य क्षेत्रों के लिए भी एक मॉडल बनकर उभरेगा। विधानसभा अध्यक्ष ने साथ में यह भी कहा कि भटियात विधानसभा क्षेत्र में सिविल कोर्ट, वन मंडल कार्यालय खोला जाना प्रस्तावित है। उन्होंने कहा कि इन कार्यालयों के खुलने से क्षेत्रवासियों को आवश्यक सेवाओं के लिए लंबी दूरी तय करने की आवश्यकता नहीं रहेगी।
कुलदीप सिंह पठानिया ने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा की लौ समाज को सशक्त बनाने का बुनियादी आधार है। इससे पहले दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। उन्होंने वर्ष भर विविध आयामी गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए। स्कूल की सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ाने के लिए 31 हजार रुपये की धनराशि देने का एलान किया। स्कूल के विद्यार्थियों ने इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत कर खूब समां बांधा।