चंबा में बैठक के दौरान मौजूद व्यापार मंडल के पदाधिकारी और सदस्य।संवाद
चंबा। जिला चंबा में बाहरी राज्यों से बिना बिल का सामान लाकर खुलेआम बेचा जा रहा है। इससे सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है और स्थानीय व्यापारियों को भी आर्थिक क्षति झेलनी पड़ रही है। यह बात रविवार को जिला व्यापार मंडल की बैठक में प्रधान वीरेंद्र महाजन ने कही।
उन्होंने कहा कि बाहरी राज्यों के लोग दोपहिया वाहनों पर सामान लादकर चंबा के विभिन्न क्षेत्रों में बेच रहे हैं, लेकिन यह सामान बिना बिल के जिला में कैसे पहुंच रहा है, यह अपने आप में जांच का विषय है। इस पर प्रशासन और आबकारी विभाग को सख्ती बरतनी होगी। बैठक में चंबा शहर की पार्किंग समस्या भी मुख्य मुद्दा रही।
वीरेंद्र महाजन ने कहा कि पुराने बस स्टैंड पर बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण कार्य अब तक शुरू नहीं हुआ, जबकि पैसा स्वीकृत होने की बात पहले ही कही जा चुकी है। उन्होंने सरकार और प्रशासन से जल्द से जल्द पार्किंग निर्माण शुरू करवाने की मांग की, ताकि शहर में पार्किंग की गंभीर समस्या का समाधान हो सके।
बैठक में करतार सिंह, नरेश महाजन, सुधीर कुमार आर्य, संजीव पुरी, स्वपन महाजन, जितेंद्र अग्रवाल सहित अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।