आभूषणों की कीमतों में आई गिरावट ग्राहकों के लिए लाई राहत
शादियों के सीजन से पहले कीमतों में कमी से बढ़ी खरीदारी की उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। आभूषणों की कीमतों में पिछले कुछ दिनों में आई गिरावट ग्राहकों के लिए राहत लेकर आई है। कुछ समय पहले सोने और चांदी के दाम इतने बढ़ गए थे कि आम व्यक्ति की पहुंच से बाहर होते नजर आ रहे थे। अब सोने की कीमतों में 4 हजार से 6 हजार रुपये तक कमी आई है। वहीं, चांदी भी लगभग 8 से 10 हजार रुपये प्रति किलो तक सस्ती हुई है। सोने की कीमत पहले करीब 1.55 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के आसपास कारोबार कर रही थी। यह अब घटकर लगभग 1.50 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर आ गई है। वहीं, चांदी की कीमत पहले करीब 2.55 लाख रुपये प्रति किलो तक पहुंच गई थी। यह अब घटकर लगभग 2.48 लाख रुपये प्रति किलो पर कारोबार कर रही है।
ग्राहकों में लता देवी, बीना देवी, रोशन लाल, कमला देवी, विद्या देवी और भावना देवी ने बताया कि शादी के सीजन में आभूषणों की कीमतों में आई यह गिरावट उनके लिए राहत भरी है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में विवाह, गृह प्रवेश और अन्य मांगलिक कार्यों के शुभ मुहूर्त शुरू होने वाले हैं। सोना और चांदी को केवल आभूषण नहीं, बल्कि रीति-रिवाजों और सामाजिक परंपराओं का अभिन्न हिस्सा माना जाता है। शादी, सगाई या अन्य शुभ अवसरों पर इनकी खरीदारी को शुभ माना जाता है। हालांकि पिछले डेढ़ साल के दौरान कीमतों में आई भारी बढ़ोतरी ने आम परिवारों का बजट प्रभावित किया था। इसके चलते कई लोगों ने खरीदारी टाल दी थी।
आभूषण बाजार से जुड़े जानकारों अमित कुमार, राहुल कुमार, रितेश चंद्रा का कहना है कि कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। हालांकि लंबी अवधि में सोने की मांग मजबूत बनी हुई है, लेकिन निकट भविष्य में बाजार अस्थिर रह सकता है। फिर भी शादी और त्योहारों के सीजन से पहले आई यह गिरावट आम खरीदारों के लिए राहत से कम नहीं है।