चंबा। चंबा मेडिकल कॉलेज में दस्तानों का स्टॉक ही खत्म हो गया है। इससे यहां मरीजों को खुद बाजार से दस्ताने खरीदने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। हैरानी की बात तो यह है कि मेडिकल कॉलेज प्रबंधन को यह जानकारी तक नहीं मिल पाई कि उनके पास दस्तानों का स्टॉक कब तक है। बहरहाल, हर बार चर्चा में रहने वाला चंबा मेडिकल कॉलेज अब ग्लब्स का स्टॉक खत्म होने को लेकर चर्चा में आ गया है।
वहीं, जानकारी मिलते ही एमएस ने इसके बारे में कॉलेज प्राचार्य को जानकारी मुहैया करवाई। इसके बाद कॉलेज प्राचार्य ने एमएस को ग्लब्स खरीदने के निर्देश जारी किए। इसके बाद ग्लब्स की डिमांड भेज दी गई है। गौरतलब है कि चंबा मेडिकल कॉलेज में हर दिन सैकड़ों लोग ओपीडी में उपचार के लिए पहुंचते हैं, जबकि विभिन्न वार्डों में भी उपचाराधीन मरीजों का उपचार चलता है। स्टाफ नर्सें और चिकित्सक सहित अन्य स्टाफ उपचार के दौरान ग्लब्स पहनते हैं। कई बार मरीजों को बाजार से ग्लब्स खरीदने पड़ रहे हैं। एक सप्ताह से बाजार से खरीद कर इसकी पूर्ति की जा रही है। हालांकि, प्रबंधन ने इसकी डिमांड की है लेकिन अभी तक खेप नहीं पहुंची है। दूसरी ओर सरकार ने पांच लाख की आबादी को लाभान्वित करने के लिए चंबा में मेडिकल कॉलेज शुरू किया है लेकिन यहां अभी भी समस्याएं हैं।
चंबा मेडिकल कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. पीके पुरी ने माना कि मेडिकल कॉलेज में ग्लब्स का कोटा खत्म है। उन्होंने बताया कि ग्लब्स की डिमांड भेजने के बारे में एमएस को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। कहा कि निर्देश मिलने के बाद एमएस ने डिमांड भेज दी है।