सरोल से लापता कंप्यूटर इंजीनियरिंग की छात्रा का सोमवार को भी कोई सुराग नहीं लग पाया। पुलिस ने रावी तट पर छात्रा की खोज बंद कर दी है। पुलिस का कहना है कि छात्रा परिजनों या उसके सहपाठियों में से किसी ने उसके रावी में छलांग लगाने की पुष्टि नहीं की है। ऐसे में पुलिस अब रावी में छात्रा की तलाश नहीं करेगी।
पुलिस के जांच अधिकारी हरनाम सिंह की मानें तो छात्रा के परिजनों ने भी उसके रावी में कूदने की बात को पुष्ट नहीं किया है। गौरतलब है कि पुलिस ने रावी तट से छात्रा की स्वेटर और चप्पलें बरामद की थी। इसके बाद डेढ़ दिन तक पुलिस रावी तट पर छात्रा की तलाश करती रही लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लग पाया।
अब पुलिस ने खोज अभियान को रोक दिया है। छात्रा के मकान मालिक की शिकायत पर गुमशुदगी का मामला दर्ज कर छात्रा के मिलने तक केस को चलने देने का निर्णय लिया है। लापता छात्रा के संस्थान से पता चला कि वह कंप्यूटर इंजीनियरिंग में तीसरे सेमेस्टर की छात्रा थी और मौजूदा समय में उसकी परीक्षाएं भी चल रही हैं।
इनसेट
पुलिस कर रही है मामले की जांच : हरनाम सिंह
इस मामले के जांच अधिकारी हरनाम सिंह ने बताया कि बयानों के आधार छात्रा के लापता होने की ही पुष्टि हुई है। पुलिस अपने स्तर पर इस मामले की जांच कर रही है। शीघ्र ही लापता छात्रा का पता लगा लिया जाएगा।