चंबा। जिला मुख्यालय के साथ लगते सुल्तानपुर वार्ड में रात के अंधेरे में कूड़े को जलाने का मामला सामने आया है। इसको लेकर प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड अब नगर परिषद को नोटिस भेजने की तैयारी कर रहा है। सोमवार रात को जब बोर्ड की टीम रात्रि गश्त कर रही थी तो उन्हें सूचना मिली कि सुल्तानपुर में कूड़े के ढेर में आग लगाकर उसे निष्पादित करने का प्रयास किया जा रहा है। इस सूचना पाकर टीम मौके पर पहुंची तो वहां पर कूड़े के ढेर में आग भड़की हुई थी।
इसको लेकर टीम ने वीडियो से लेकर फोटोग्राफी की। आग लगाने वाले लोग मौके से फरार हो गए। जब बोर्ड टीम ने स्थानीय लोगों से इसके बारे में पूछा तो उन्होंने बताया कि शाम के समय यहां कूड़ा इकट्ठा किया जाता है। रात के अंधेरे में कूड़े में आग लगा दी जाती है ताकि अगली सुबह वहां पर कूड़ा नजर न आए। यह सिलसिला पिछले कई समय से चल रहा है। नगर परिषद के सफाई ठेकेदार गाड़ियों में कूड़ा भरकर यहां फेंक देते हैं और रात के अंधेरे में इन ठेकेदारों के कर्मचारी कूड़े में आग लगा देते हैं। इसको लेकर पीसीबी ने लोगों को आश्वासन दिया कि इस कार्य प्रणाली के खिलाफ नप के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के कनिष्ठ अभियंता राहुल शर्मा ने बताया कि सुल्तानपुर में रात के अंधेरे में कूड़े में आग लगाने का मामला सामने आया है। इसको लेकर नगर परिषद को नोटिस जारी किया जाएगा। बोर्ड पहले भी खुले में कूड़ा फेंकने को लेकर नप को जुर्माना लगा चुका है।