बनघोटू में मंदिर के पास रखे कूड़े से भरे बोरे। संवाद
चंबा। नगर परिषद के अंतर्गत आने वाले बनगोटू मोहल्ले में रविवार सुबह सीताराम मंदिर के ठीक पास कूड़े से भरे कई बोरे रख दिए गए, जिन्हें दोपहर तक भी नहीं उठाया गया। इस कारण मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं को दुर्गंध और अस्वच्छ वातावरण का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि धार्मिक स्थल के पास इस तरह कचरे का अंबार लगना नगर परिषद की गंभीर लापरवाही है और इससे लोगों की आस्था को ठेस पहुंच रही है।
स्थानीय निवासियों ने बताया कि हर रविवार नगर परिषद की सफाई व्यवस्था लगभग बंद रहती है। उनका कहना है कि छुट्टी के दिन कचरा उठाने वाले कर्मचारी नहीं आते, जिसके कारण मोहल्ले में कचरे के बोरे दिनभर पड़े रहते हैं और उसमें से निकलने वाली दुर्गंध पूरे इलाके में फैल जाती है।
लोगों ने बताया कि रविवार को अक्सर कचरा जमा होने से गलियां अस्वच्छ दिखाई देती हैं, जिससे असहज स्थिति पैदा होती है और श्रद्धालुओं को भी परेशानी झेलनी पड़ती है।
मोहल्ले के निवासी कुलदीप कुमार, उत्तम सिंह, धमेंद्र कुमार, अशोक कुमार और ज्ञान चंद का कहना है कि नगर परिषद इस समस्या के प्रति उदासीन है। उनके अनुसार मंदिर परिसर के पास बार-बार कचरा फेंका जाता है। कचरा उठाने की नियमित व्यवस्था नहीं है। शिकायतों के बावजूद अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि स्थिति में तत्काल सुधार नहीं किया गया, तो मोहल्ला निवासियों को विरोध प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा।
उधर, नगर परिषद की अध्यक्ष नीलम नैयर ने बताया कि मामला उनके ध्यान में लाया गया है। संबंधित क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को दुरुस्त करने और मंदिर के आसपास कचरा डालने पर रोक लगाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।