चंबा। विकास खंड चंबा के तहत ग्राम पंचायत सिंगी के गांव गनोड़ी से एक व्यक्ति की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद हड़कंप मच गया है। एहतियातन तौर पर जिला प्रशासन ने गनोड़ी को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। जबकि दड़ोगा गांव को बफर जोन में शामिल किया गया है।
प्रशासन ने पंचायत के प्रवेश द्वारों पर पुलिस बल तैनात कर दिया है। वहीं, ग्रामीणों को रोजमर्रा की वस्तुएं पहुंचाने की जिम्मेवारी पंचायत प्रतिनिधियों की होगी। पंचायत में किसी तरह की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है।
जानकारी के अनुसार यह व्यक्ति पूर्व में पॉजिटिव आए मरीज के संपर्क में आया था। इसको देखते हुए स्वास्थ्य विभाग ने इसके सैंपल लिए गए थे। इसकी रिपोर्ट बुधवार देर शाम को आई थी। रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कोरोना संक्रमित को कोविड केयर सेंटर में भर्ती कर लिया है।
जिले में कोरोना मरीजों का आंकड़ा 137 पहुंच गया है। जबकि 85 लोग स्वस्थ होकर घर लौटे हैं। वर्तमान में जिले में कोरोना के 51 मामले एक्टिव मामले हैं। इनका उपचार कोविड केयर सेंटर में चल रहा है। जिले में कोरोना संक्रमित मरीजों की रिकवरी रेट भी बेहतरीन है।
एसडीएम चंबा शिवम प्रताप सिंह ने बताया कि सिंगी पंचायत के गांव गनोड़ी को कंटेनमेंट जोन और दड़ोगा गांव को बफर जोन में घोषित किया गया है। यहां अब कर्फ्यू नियम लागू होंगे।