चंबा के पुलिस मैदान बारगाह में क्रिकेट मैच के दौरान खिलाड़ी।
चंबा। पुलिस मैदान बारगाह में चल रही विंटर कप प्रतियोगिता के दौरान फ्रेंड्स इलेवन की टीम ने केएफसी खज्जियार की टीम को सात विकेट से हराया। दिन के दूसरे मैच में शिव शक्ति बरौर ने राड़ी की टीम को दो विकेट से हराया। यह जानकारी प्रतियोगिता आयोजन सचिव मेजर एससी नैयर ने दी। उन्होंने बताया कि पहले मैच में केएफसी खज्जियार की टीम ने टॉस जीता और पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया। निर्धारित 15 ओवरों में खज्जियार 107 रन बना सकी। इसमें सुमित ने 27 रन का योगदान दिया, जबकि फ्रेंड्स इलेवन की ओर से रिशु ने दो विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी फ्रेंड्स इलेवन की टीम ने तीन विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इसमें चिक्कू ने शानदार अर्धशतक लगाते हुए 53 और केवल ने 23 रनों का योगदान दिया। दिन के दूसरे मैच में राड़ी की टीम ने 113 रन बनाए। इसमें सचिन ने 35 रनों की पारी खेली। लक्ष्य का पीछा करने उतरी शिव शक्ति बरौर की टीम ने आठ विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। इसमें अक्षय ने 30 रनों की अहम पारी खेली और अपनी टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाया।