चंबा। भरमौर-पांगी की चोटियों में ताजा बर्फबारी से पूरा जिला एक बार शीतलहर की चपेट में आ गया है। दोनों ही क्षेत्रों में दस इंच तक बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी के साथ ही मध्यम ऊंचाई और निचले क्षेत्रों में बारिश का दौर जारी रहा। बारिश और बर्फबारी के कारण लोग दिन भर घरों में ही दुबकने को मजबूर रहे।
जानकारी के अनुसार बुधवार देर शाम तक भरमौर क्षेत्र की ऊपरी चोटियों में रूक-रूक कर बर्फबारी का क्रम जारी था। मणिमहेश, काली छौ, कुगति, रूहणूकोठी में दस इंच तक ताजा बर्फबारी रिकॉर्ड की गई है। इसके अलावा दोपहर बाद ग्राम पंचायत कुगति के ऊपरी और निचले कुगति, हड़सर पंचायत के बलमुही, ग्राम पंचायत चौबिया की चिंहाण, कुंगी, पूलन पंचायत की सुप्पा, तुंदाह पंचायत की गुवाड़, संचूई पंचायत की मल्कोता, खणी पंचायत की बालो, गरिमा पंचायत के गरिमा गांव में दो से तीन इंच तक ताजा हिमपात होने से चारों ओर बर्फ की सफेद चादर बिछ गई है। इसके अलावा भरमौर मुख्यालय में भी हल्की बर्फबारी होने की सूचना है।
पांगी में हुड़ान भटोरी, चस्क भटोरी, सुराल भटोरी और साचपास में ताजा बर्फबारी होने की सूचना मिली है। यहां ऊपरी क्षेत्रों में होने वाली बर्फबारी के बाद निचले क्षेत्रों में शीतलहर का प्रकोप बढ़ गया है। जिला मुख्यालय में देरशाम हल्की बारिश होने से घरों की तरफ कूच करने वाले लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
सेब और फसलों के बारिश और बर्फबारी से फायदेमंद
जिले में पिछले होने वाली बारिश और बर्फबारी से सेब सहित अन्य फसलों के लिए फायदेमंद बताया जा रहा है। बर्फबारी होने से जहां सेब के लिए जरूरी चिलिंग आवर पूरे होंगे वहीं गेहूं की फसल के लिए भी बारिश और बर्फबारी अच्छी मानी जा रही है। इससे बागवानों और किसानों ने राहत की सांस ली है।